रांची , फरवरी 21 -- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटा नागरा थाना क्षेत्र के चडरी डेरा गांव के पास में आईईडी की चपेट में आने से सीआरपीएफ 209 कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए।

शनिवार को सर्चिंग अभियान के दौरान लगाए गए आईईडी ब्लास्ट की घटना में सीआरपीएफ 209 कोबरा बटालियन के दो जवान चपेट में आने से दोनों जवान घायल हुए। घायल जवानों को जंगल से निकाल उन्हें बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर रांची के अस्पताल पहुंचाया गया।

भाकपा माओवादी नक्सलियों के खिलाफ जिला पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा था। पश्चिमी सिंहभूम जिले के एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विस्फोट उस वक्त हुआ, जब सुरक्षा बल के जवान जंगल में नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे। इसमें एक जवान गंभीर है।

कोबरा बटालियन 209 के घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है. सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।

घटना ऐसे समय हुई है, जब सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाये जा रहे हैं। हाल ही में सुरक्षा बलों को कई बड़ी सफलताएं मिली है। दूसरी तरफ, नक्सलियों ने जगह-जगह आईईडी बिछा रखे हैं, ताकि उनकी तलाश में आने वाले सुरक्षा बल के जवान उसकी चपेट में आ जायें। तमाम सतर्कता के बावजूद सारंडा में आईईडी विस्फोट की घटनाएं हो रहीं हैं।

पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में ज्यादा अंदर तक न जायें। अगर वे जाते हैं, तो सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा बलों का कहना है कि नक्सलियों को जड़ से खत्म करने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित