बेतिया , फरवरी 20 -- िहार पर्यटन विभाग ने पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर स्थित अत्याधुनिक इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस के संचालन की जिम्मेदारी बिहार होटल्स लिमिटेड (बीएचएल) को सौंप दी है।
पर्यटन विभाग के सचिव डा. निलेश रामचंद्र देवरे ने शुक्रवार को बताया कि लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया गया था।उन्होंने बताया कि 25 एकड़ क्षेत्र में फैले इस परिसर में 500 क्षमता का आधुनिक सभागार, अत्याधुनिक ऑडियो-वीडियो सुविधाएं, 100 से अधिक सुसज्जित कमरे (डीलक्स एवं सुपर डीलक्स सहित) तथा गेस्ट हाउस की व्यवस्था है।
श्री देवरे ने बताया कि बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) की इस संपत्ति के संचालन के लिए जारी निविदा प्रक्रिया में बीएचएल सफल रही। उन्होंने बताया कि कंपनी ने प्रथम वर्ष के लिए 2.13 करोड़ रुपये की बोली लगाई है, जिसमें 1.81 करोड़ रुपये अनुज्ञप्ति राशि एवं 32.60 लाख रुपये जीएसटी शामिल है। निविदा शर्तों के तहत कंपनी को प्रथम वर्ष की अनुज्ञप्ति राशि का 50 प्रतिशत, यानी 90.55 लाख रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में जमा करना होगा।
उल्लेखनीय है कि बीएचएल पटना स्थित प्रसिद्ध मौर्य होटल का भी संचालन करती है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि निजी क्षेत्र की भागीदारी से वाल्मीकिनगर, जो वाल्मीकि टाइगर रिजर्व एवं गंडक नदी के लिए प्रसिद्ध है, वहां पर्यटन को नया प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित