बेतिया,03फरवरी(वार्ता)बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले के कुमारबाग थाना क्षेत्र के एक गांव से सोमवार को गायब पांच किशोरियों को पुलिस ने दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से बरामद कर लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विवेक दीप ने मंगलवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने लड़कियों की बरामदगी के लिए रेल पुलिस से मदद मांगी थी। बेतिया पुलिस ने रेल पुलिस को सभी नाबालिग लड़कियों की फोटो भेजी थी। बेतिया रेलवे स्टेशन से लेकर गोरखपुर से लेकर दिल्ली तक पुलिस को एलर्ट कर दिया गया था।

एसडीपीओ ने बताया कि दिल्ली पुलिस से भी सहयोग मांगा गया था। आज मंगलवार को सभी को बरामद कर लिया गया।दिल्ली पुलिस के सूचना पर बेतिया से एक पुलिस टीम को उन लड़कियों को लाने के लिये दिल्ली भेजा गया है।उनके आने के बाद ही विशेष खुलासा हो पायेगा।

उल्लेखनीय है कि लापता लड़कियां सोमवार को करीब 11 बजे अपने-अपने घरों से कपड़ा सिलवाने, खेत में घास काटने की बात कहकर निकली थीं। उनके देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने अपने स्तर से खोजबीन शुरू की। परिजनों ने पड़ोसियों, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन लड़कियों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।इसके बाद सोमवार की देर शाम सभी परिजन कुमारबाग थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर घटना की सूचना दी। लड़कियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित