बेतिया, जनवरी 29 -- बिहार में पश्चिमी चंपारण के नौतन थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी से लाई जा रही विदेशी शराब की खेप को जब्त किया है।

इस दौरान पुलिस ने मौके से 131 लीटर विदेशी शराब के साथ एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है ।गिरफ्तार तस्कर की पहचान शिवराजपुर निवासी मंसूर आलम के रूप में की गई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं।इसी क्रम में गुप्त सूचना मिली कि यूपी से शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर तस्कर को रंगे हाथों पकड़ लिया।पुलिस ने जब्त शराब को अपने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस धंधे में शामिल अन्य तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित