बेतिया, 02 (वार्ता) बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब नौ बजे छौराहा पोखरा के समीप गेहूं के खेत से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कठइया बिशनपुरवा वार्ड संख्या- 7 निवासी राकेश सिंह के पुत्र रितिक राज उर्फ सचिन राज (22) के रूप में हुई है। मृतक की मां मीरा देवी ने आरोप लगाया है कि विवेक पटेल और अमित सिंह बर्थडे पार्टी के बहाने रितिक को घर से बुलाकर ले गये और साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने गोली मारकर हत्या किये जाने का दावा किया है। वहीं रितिक के साथ बाइक पर मौजूद दोस्त विवेक पटेल ने पुलिस को बताया कि नीलगाय से टकराने के कारण सड़क हादसे में रितिक की मौत हुई, जबकि वह स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर सोमवार को परिजनों को सौंप दिया। सदर एसडीपीओ- वन विवेक दीप ने बताया कि दोस्त का बयान दर्ज किया गया है और प्रथम दृष्ट्या मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित