बेतिया,02अप्रैल (वार्ता) बिहार में पश्चिमी चम्पारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम सिकटा रक्सौल सैनिक सड़क म अठाइशलाखा पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी चार घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया गया। हालांकि रास्ते मे ही तीन की मौत हो गयी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहली बाइक पर सवार दुर्घटना के शिकार लोगों की पहचान कंगली थाना क्षेत्र के गाद गम्हरिया निवासी फैयाज उर्फ घोंघा मियां और नेयाज उर्फ मिठ्ठू मियां के रूप में की गई है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार घायलों में नेपाल के परसा जिला के भिस्वा निवासी कमरूल और अरमान मियां शामिल हैं। इनमें मलघोघ मियां(60), नेयाज मियां उर्फ मिठ्ठू(30)व नेपाल निवासी अरमान मियां की मौत हो गयी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैयाज और नेयाज पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं, जो सिकटा से अपने घर की ओर जा रहे थे। वहीं कमरूल और अरमान रक्सौल की ओर से आ रहे थे। दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी और सड़क पर गड्ढे के कारण वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित