बेतिया , मार्च 22 -- चंपारण रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हरकिशोर राय ने कहा कि इस क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

श्री राय ने कहा कि भूमि माफियाओं के विरुद्ध चलाए गए अभियान के बाद अब पुलिस प्रशासन ने नारकोटिक्स नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति बनाई है।उन्होंने कहा कि सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) को निर्देश दिए गए हैं और उनके क्षेत्र से कम से कम दो-दो कुख्यात एनडीपीएस एक्ट के आरोपियों की सूची सौंपने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि यह कदम खासतौर पर सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय नशा तस्करों के बढ़ते नेटवर्क को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

श्री राय के अनुसार पुलिस को लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि इन क्षेत्रों में मादक पदार्थों के संगठित गिरोह सक्रिय हैं, जिससे कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती उत्पन्न हो रही है।

डीआईजी श्री राय ने स्पष्ट किया है कि चिन्हित तस्करों के विरुद्ध पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके अंतर्गत आरोपियों को निरुद्ध करने के साथ-साथ उनकी अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें अटैच करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि एसडीपीओ से प्राप्त सूचियों की उच्च स्तर पर समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद चयनित आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई के लिए गृह विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा। साथ ही, इन माफियाओं की समेकित सूची पुलिस मुख्यालय को भी सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा ने कहा कि इस अभियान से न केवल नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगेगी, बल्कि इससे जुड़े आपराधिक नेटवर्क को भी कमजोर किया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित