बेतिया , जनवरी 23 -- बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के साठी थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबनी धर्मपुर पंचायत के वार्ड संख्या- 8 में गुरुवार की रात एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों को ग्रामीणों के साहसिक प्रयास से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-8 निवासी अशरफ अली के फूस के घर में अचानक आग लग गई। आग का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घर के भीतर बिछावन पर तीन मासूम बच्चे एक साथ सो रहे थे। आग लगते ही अफरा- तफरी मच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालते हुये दो बच्चों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन कंबल ओढ़कर सो रहा सात वर्षीय आयान आलम आग की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया, हालांकि तब तक झोपड़ी और उसमें रखा सामान जलकर राख हो चुका था।

घटना की जानकारी मिलने पर साठी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि मृत बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये बेतिया भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुये प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और घटना की जांच की जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित