चंडीगढ़ , फरवरी 08 -- पंजाब के पशुपालन, मत्स्य पालन और डेयरी विकास मंत्री गुरमीत सिंह ने कहा है कि उन्नत पशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और किफायती बनाने के उद्देश्य से छह जिलों में 'ब्लू क्रॉस' पशु चिकित्सा दवा स्टोर की शुरूआत की जायेगी।
उन्होंने रविवार को इस परियोजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह कदम किसानों पर वित्तीय बोझ को काफी हद तक कम करेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले पशुपालन क्षेत्र को भी बड़ा बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि पशुपालक किसानों को 'ब्लू क्रॉस' स्टोर पर सभी जेनेरिक पशु चिकित्सा दवाओं पर तीस प्रतिशत और ब्रांडेड दवाओं पर बीस प्रतिशत की छूट मिलेगी।
उन्होंने बताया कि गुरदासपुर, पटियाला, लुधियाना, संगरूर, श्री मुक्तसर साहिब और अमृतसर जिलों में स्थित अत्याधुनिक पशु चिकित्सा पॉलीक्लिनिकों के भीतर 'ब्लू क्रॉस' स्टोर स्थापित किये जा रहे हैं। इन पॉलीक्लिनिकों में पिछले वर्ष से ही उन्नत इनडोर रोगी विभाग सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। ये पशु चिकित्सा पॉलीक्लिनिक राज्य भर में मजबूत संस्थागत और बहु-विशेषज्ञ पशु स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों की स्थापना के प्रति पंजाब सरकार के विशेष ध्यान को दर्शाते हैं।
पशुपालन मंत्री ने कहा कि पॉलीक्लिनिकों में किसानों को गुणवत्तापूर्ण दवाओं की सीधी पहुँच सुनिश्चित करने से उनका समय भी बचेगा। इसके साथ ही, मौजूदा आईपीडी सुविधाओं के साथ फार्मेसी सेवाओं का एकीकरण निदान से लेकर उपचार तक पशुधन की देखभाल को अधिक कुशल और सुव्यवस्थित बनाएगा। उन्होंने कहा कि पशुधन के बेहतर स्वास्थ्य से उत्पादकता बढ़ेगी, जिससे डेयरी और उससे संबंधित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को काफी बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित