हरिद्वार, मार्च 21 -- उत्तराखंड में जनपद हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर झाल के समीप शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब हरियाणा नंबर की एक कार अचानक हाईवे से फिसलकर नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार महिला और पुरुष बाल-बाल बच गए, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, कार हरियाणा के फरीदाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन को एक महिला चला रही थी। जैसे ही कार रानीपुर झाल के पास पहुंची, अचानक सड़क पर एक पशु आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में चालक ने कार को मोड़ने की कोशिश की, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे नदी में जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालने में मदद की। इस हादसे में दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित