लखनऊ , फरवरी 05 -- पशुपालकों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण पशु दवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की तर्ज पर प्रत्येक विकास खंड में 'पशु औषधि केंद्र' स्थापित किए जाएंगे।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों में एक-एक केंद्र खोला जाएगा, जिससे पशुओं के उपचार की दवाएं सुलभ और सस्ती दरों पर मिल सकें।

डॉ. कुमार ने बताया कि केंद्र खोलने के इच्छुक आवेदकों को फार्मासिस्ट का नाम व वैध पंजीकरण, न्यूनतम 120 वर्गफुट दुकान का प्रमाण तथा ड्रग सेल लाइसेंस प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रधानमंत्री कृषक समृद्धि केंद्र और सहकारी समितियों से जुड़े पात्र आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह योजना भारत सरकार के पशुधन स्वास्थ्य एवं बीमारी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित होगी।

इच्छुक अभ्यर्थियों को 5,000 रुपये शुल्क जमा कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से पशुधन स्वास्थ्य में सुधार होगा और पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित