मेदिनीनगर , अप्रैल 04 -- झारखंड के पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के प्राइवेट बस स्टैंड रोड स्थित नगर पालिका मार्केट में गुरुवार रात हुई समीर खलीफा उर्फ गुड्डू हत्याकांड का पुलिस ने महज 16 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया है।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। समीर की हत्या के बाद जिस दोस्त ने खूबर शोक मनाया एवं संवेदना दिखाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी, दरअसल उसने ही 2 लाख की सुपारी देकर उसकी हत्या कराई थी। जमीन को लेकर विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिलाया गया था।
पुलिस ने निष्पक्ष अनुसंधान करते हुए समीर के साथी इसराइल आजाद उर्फ मिंटू डाला एवं शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन के अलावा कांट्रेक्ट किलिंग में शामिल शूटर फैज खान, आदर्श कुमार उर्फ धोनी एवं तारीख शाह उर्फ मूनान को गिरफ्तार किया है।
39 हजार 500 रूपए सुपारी के बरामद किए गए हैं। घटनास्थल पर फैज़ के द्वारा छोड़े गए देसी पिस्टल और गोली, जबकि आदर्श के पास से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा गोली एवं मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस की कार्रवाई टीम में डीएसपी राजीव रंजन, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार एवं अन्य शामिल थे। जिले की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन शनिवार शाम इस संबंध में पूरी जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित