रांची , अप्रैल 07 -- झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने जनवरी माह में शहर और चैनपुर थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर लिया है।

16 जनवरी को पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से शव बरामद किए थे। पहली घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के रैनीबांध तालाब के पास से शंकर राम (37 वर्ष, निवासी मिशन स्कूल रोड) का अधजला शव मिला था। इस मामले में महज़ 1300 रुपये की लूट और पकड़े जाने के डर से एक ही रात में दो हत्याओं को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं शहर थाना क्षेत्र डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पुल के सामने एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। दोनों ही मामलों में मृतकों के सिर को पत्थर से कूचकर बेरहमी से हत्या की गई थी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान चुनमुन चौधरी (25 वर्ष, निवासी कल्याणपुर) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया हैउसने बताया कि 15 जनवरी की शाम आरोपी चुनमुन अपने साथी 'करीवा उर्फ छोटू' और मृतक शंकर राम के साथ गांजा पी रहे थे। चुनमुन को पता चला कि शंकर के पास 1300 रुपये हैं। पैसे लूटने के इरादे से वे शंकर को बहला-फुसलाकर रैनीबांध के पास ले गए। वहां पत्थर से सिर कूचकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए माचिस से कपड़ों में आग लगा दी।

वहीं लूट के पैसों के बंटवारे को लेकर चुनमुन और उसके साथी करीवा के बीच विवाद हो गया। करीवा ने पुलिस को सब बताने की धमकी दी। पकड़े जाने के डर से चुनमुन ने करीवा को रेलवे स्टेशन के पास ले जाकर उसी तरह पत्थर से कूचकर उसकी भी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक शंकर राम का लूटा गया पर्स, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो बरामद कर लिया है। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित