मेदिनीनगर , मार्च 28 -- झारखंड के पलामू जिले में रामनवमी के दौरान बढ़ते शोर और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर पलामू जिले की मेदिनीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के बेलवाटिका इलाके में कॉम्पिटिशन में डीजे बजाने के दौरान एक बीमार महिला की तबीयत बिगड़ने के मामले में दर्ज करायी गयी एफआइआर के बाद शनिवार को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उतर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के दो बड़े डीजे सिस्टम को जब्त कर लिया है।
ट्रक समेत डीजे सामान को टीओपी टू में रखा गया है। जब्त किए गए डीजे में उत्तर प्रदेश के मउ के शगुन और मध्य प्रदेश के भोपाल के नटराज डीजे शामिल हैं। ये दोनों डीजे रामनवमी पूजा में लाए गए थे और जुलूस में तेज आवाज में बजाए जा रहे थे। शुक्रवार रात बेलवाटिकर इलाके में दोनों डीजे के बीच साउंड कॉम्पिटिशन हो रहा था।
इस दौरान शहर के होटल व्यवसायी रहे स्वर्गीय मंजीत प्रकाश की पत्नी की तबीयत खराब हो गई। उनके हार्ट में पेसमेकर लगा हुआ है। उन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद होटल व्यवसायी ने मेदिनीनगर शहर थाना में एफआईआर दर्ज कराई। आवेदन के आधार पर दोनों डीजे के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने डीजे जब्त करने और एफआईआर दर्ज करने की पुष्टि की है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि डीजे जब्त कर लिए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। टीओपी 2 प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में डीजे जब्त करने की कार्रवाई की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित