रांची , अप्रैल 06 -- झारखंड में पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के ठेकही-अंदाग गांव में देर रात मामूली कहासुनी के बाद एक भाई ने अपने ही सगे भाई की कुल्हाड़ी से मारकर निर्मम हत्या कर दी।

मृतक की पहचान पिंटू भुइयां के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सीटू भुइयां और उसके भाई पिंटू भुइयां के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह बहस हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई। आरोप है कि आवेश में आकर सीटू भुइयां ने अपने सगे भाई पिंटू पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया।

हमले के दौरान पिंटू भुइयां को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित