पलामू, 17अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के पलामू जिले के पांकी और हुसैनाबाद में पिछले 24 घंटे के दौरान दो अलग-अलग दुर्घटना में एक मासूम बच्चे समेत दो की मौत हो गई।
पांकी में हुई दुघर्टना के बाद शुक्रवार सुबह से ही सड़क जाम कर दिया गया है। घटनाकी सूचना मिलने के बाद पांकी के भाजपा विधायक शशि भूषण मेहता, पांकी के अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाया। सड़क जाम करीब दो घंटे तक रहा।
हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दुल्हर गांव में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुल्हर गांव निवासी रवीन्द्र राम का पुत्र मयानंद राम सुबह करीब 8 बजे आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने जा रहा था। इसी दौरान एक स्कूली बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पांकी के कोनवाई बस स्टैंड में ट्रैक्टर और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में अभिजीत कुमार (उम्र 20 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें तत्काल डालटनगंज से रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन इलाज के क्रम में देर रात्रि मृत्यु हो गई। जिसके बाद शुक्रवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने पांकी- मेदिनीनगर मुख्य सड़क को जाम कर दिया था। अभिजीत स्वर्गीय संतू सिंह का इकलौता पुत्र था। अभिजीत चतरा के हंटरगंज बहेरी का रहने वाला था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित