रांची , फरवरी 01 -- झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसडी गांव में पति-पत्नी और उनके बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

मृतकों की पहचान विजय भुइयां, उनकी पत्नी और बेटे के रूप में हुई है। इस हमले में विजय भुइयां की बहु नीलू देवी और पोती ममता कुमारी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। घटनास्थल पांकी थाना से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित है।

थाना प्रभारी श्री रंजन ने आज बताया कि ग्रामीणों के माध्यम से पुलिस को तीन लोगों की हत्या की जानकारी मिली थी, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, विजय भुइयां और उनके परिवार पर ओझा-गुणी (जादू-टोना) का आरोप लगाकर हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि विजय भुइयां का गांव के ही कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसको लेकर कई बार पंचायत भी बैठ चुकी थी। इसी रंजिश और अंधविश्वास के चलते देर रात कुछ लोग उनके घर पहुंचे, पहले मारपीट की और फिर धारदार हथियार से हमला कर पति-पत्नी और बेटे की हत्या कर दी।

हमले के दौरान बीच-बचाव करने आई बहु नीलू देवी और पोती ममता कुमारी पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर जमा हैं। जिस इलाके में यह घटना हुई है, वह नक्सल प्रभावित क्षेत्र बताया जा रहा है, जिससे पुलिस जांच को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित