नयी दिल्ली , जनवरी 21 -- पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को यहां वंदे मातरम के सामूहिक गायन का आयोजन किया।

मंत्रालय में सचिव तन्मय कुमार के नेतृत्व में इस कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी राष्ट्र गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति में शामिल हुए और यहां इंदिरा पर्यावरण भवन में मंत्रालय के परिसर में राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन की ध्वनि गूंजी। सामूहिक गायन का आयोजन देश के विभिन्न हिस्सों में मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालयों में किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम सोमवार 19 जनवरी से रविवार 26 जनवरी तक राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष के स्मरणोत्सव के चरण-2 के हिस्से के रूप में मनाया जा रहा है।

पर्यावरण मंत्रालय का कहना है कि इस आयोजन में सभी प्रतिभागी एक साथ मिलकर उन अद्वितीय छंदों के प्रति सम्मान प्रकट कर रहे थे, जो अपनी रचना के 150 साल बाद भी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।

वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार के व्यापक राष्ट्रव्यापी स्मारक कार्यक्रम के तहत इसका आयोजन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित