नैनीताल,30मार्च (वार्ता) उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में आगामी पर्यटन सीजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं,श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है,इसी कड़ी में अपर पुलिस महानिदेशक ने खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आगामी पर्यटन सीजन के मद्देनजर अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने सुप्रसिद्ध कैंची धाम का स्थलीय निरीक्षण किया,निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को बारीकी से परखा. साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीजन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त कर ली जाएं। एडीजी ने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे न केवल बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिले बल्कि स्थानीय लोगों को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर खास फोकस किया गया,साथ ही एडीजे ने निर्देश दिए कि जाम की स्थिति से बचने के लिए एक व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए और नो पार्किंग जोन को सख्ती से लागू किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित