उदयपुर , मार्च 22 -- राजस्थान में पर्यटन के सतत विकास के लिए पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) द्वारा रविवार को यहां आयोजित समारोह में पर्यटन से जुड़ीं 25 विभूतियों को राजस्थान पर्यटन सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।
समारोह में पीएचडीसीसीआई-राजस्थान चैप्टर के सह-अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह राठौड ने कहा कि देश के पर्यटन क्षेत्र में राजस्थान का विशिष्ट स्थान रहा है एवं राजस्थान में मौजूद विरासत, सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक कला एवं धरोहर, वाद्य यंत्र एवं लोक संगीत एवं राज्य की आथित्य परंपरा एवं उद्यमिता के चलते पर्यटन क्षेत्र के विकास की प्रचुर संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि पीएचडीसीसीआई अपने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यटन विभाग एवं पर्यटन हित धारकों के साथ मिलकर कई नवाचार एवं कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। राजस्थान पर्यटन सम्मान इस दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है जिससे निश्चित रूप से हितधारकों में एक नई चेतना एवं उत्साह का संचार होगा जिसके फलस्वरूप राजस्थान पर्यटन देश ही नहीं अपितु विश्व मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए पीएचडीसीसीआई-राजस्थान चैप्टर के क्षेत्रीय निदेशक आर के गुप्ता ने कहा कि राजस्थान पर्यटन सम्मान का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र के हितधारकों को आपसी सहयोग के द्वारा इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों एवं नवाचारों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित