अंबिकापुर , दिसंबर 05 -- छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को अंबिकापुर में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

यह प्रदर्शनी नागरिकों को हाल ही में लागू किए गए कानूनी प्रावधानों और सुधारों की विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से आयोजित की गई है, ताकि बदलते सामाजिक परिवेश में न्याय-प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनाया जा सके।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक उद्घाटन कार्यक्रम में मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक समाज की जटिलताओं को देखते हुए आपराधिक न्याय प्रणाली में समय-समय पर सुधार आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि नए कानून न केवल अपराध नियंत्रण में सहायक होंगे, बल्कि नागरिकों को उनके अधिकारों और न्याय प्रक्रिया की पारदर्शिता से भी रूबरू कराएंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि न्याय का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और विधि-व्यवस्था के प्रति सम्मान स्थापित करना है।

प्रदर्शनी में नए आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज प्रक्रियाओं, न्यायालयों में सुनवाई तेज करने के उपायों तथा कानून प्रवर्तन में किए गए सुधारों को विस्तार से दर्शाया गया है। विभिन्न आपराधिक मामलों में लागू नई प्रक्रिया, डिजिटल दस्तावेजीकरण, शिकायत दर्ज करने की सरल विधि और जांच-पड़ताल की पारदर्शिता जैसे पहलुओं पर भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है।

स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसे अत्यंत उपयोगी बताया। उनका कहना था कि इस पहल से आम लोगों में कानूनी जागरूकता बढ़ेगी और समाज में सुरक्षा व स्थिरता की भावना मजबूत होगी।

यह प्रदर्शनी अगले सप्ताह तक आम जनता के लिए खुली रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग नई कानूनी व्यवस्थाओं और प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार ने स्पष्ट किया है कि न्याय व्यवस्था को आधुनिक और अधिक जनहितैषी बनाने की दिशा में ये कदम महत्वपूर्ण साबित होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित