देहरादून , फरवरी 04 -- उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने प्रत्येक विद्यालयों को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने को कहा है।
पीएम नरेन्द्र मोदी के इस विशेष कार्यक्रम का सभी विद्यालयों में डिजिटल माध्यम से प्रसारण किया जायेगा। जहां पर कक्षा-6 से आगे की छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक व शिक्षक प्रतिभाग करेंगे।
धन सिंह रावत ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रदेशभर के विद्यालयों में पीएम नरेन्द्र मोदी की विशेष पहल पर होने जा रहे इस कार्यक्रम का बड़े स्तर पर आयोजन किया जायेगा।
आगामी 6 फरवरी को सुबह पीएम मोदी कार्यक्रम के 9वें संस्करण के माध्यम से देशभर के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों से सीधे संवाद करेंगे।
इस संस्करण का प्रसारण प्रदेश के सभी विद्यालयों में अनिवार्य रूप से किया जायेगा। इसके लिये सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने जनपदों के विद्यालयों में कार्यक्रम के प्रसारण की सभी तैयारियां पूरी करने को कहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के 9वें संस्करण के लिये प्रदेशभर के 8 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं, अभिभावकों व शिक्षकों ने रिकॉर्ड संख्या में अपना पंजीकरण करवाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित