चंडीगढ़ , नवंबर 30 -- पंजाब के पट्टी ( तरन तारन) में रविवार को परिवहन मंत्री के साथ हुई बैठक के दौरान कर्मचारी यूनियन के साथ बनी सहमति के बाद पंजाब रोडवेज़, पनबस और पी आर टी सी के संविदा कर्मचारियों द्वारा पिछले कुछ दिनों से की जा रही हड़ताल समाप्त हो गई है। बैठक के बाद परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जिन कर्मचारियों को निलंबित किया गया था, उन्हें बहाल किया जाएगा और कर्मचारियों की बाकी जायज़ माँगों का भी जल्द समाधान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लाई जा रही नई बसों के संबंध में कर्मचारी यूनियनें दखलअंदाज़ी नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि डिपो स्तर पर जो कर्मचारी किसी गैर-कानूनी गतिविधि में शामिल पाए गए, उनके मामलों में यूनियनें बिना वजह दखल नहीं देंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार जहाँ कर्मचारियों और मुलाजिमों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं राज्य के लोगों और यात्रियों के हितों का भी पूरा ध्यान रख रही है।
मंत्री ने कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे जनहित में अपनी सेवाएँ दें और सरकार भी अपने कर्मचारियों का पूरा ध्यान रखेगी। उन्होंने बताया कि राज्य में सरकारी बस सेवा बहाल हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित