बहराइच , नवंबर 28 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच के पयागपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी मिल गई है। गुरचाही और मुंडेरवा ठकुराइन के बीच स्थित बड़ैला तालाब पर 15 मीटर लंबे पुल और 3.20 किलोमीटर सड़क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना के लिए 307.97 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इस स्वीकृति के पीछे पयागपुर के विधायक सुभाष त्रिपाठी एवं सांसद करण भूषण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कई वर्षों से क्षेत्रीय जनता इस पुल और सड़क के निर्माण की मांग उठा रही थी, जिसे गंभीरता से देखते हुए विधायक सुभाष त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर समस्या को विस्तार से रखा और निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। लगातार प्रयासों और पैरवी के परिणामस्वरूप परियोजना को हरी झंडी मिल गई।
बरसात के मौसम में संपर्क बाधित होने से ग्रामीणों, छात्रों, किसानों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। पुल और सड़क निर्माण से लगभग 20 गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन की व्यवस्था सुगम हो जाएगी।
स्वीकृति की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने विधायक सुभाष त्रिपाठी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया है और उम्मीद व्यक्त की है कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित