पन्ना , अक्टूबर 10 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने ऑनलाइन सायबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को झारखंड से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से नगद 8 लाख 50 हजार रुपये, 18 ग्राम सोना, 1 किलो चांदी, 1 लैपटॉप, 10 मोबाइल और अन्य दस्तावेज बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह कार्रवाई थाना पवई में दर्ज साइबर ठगी के अपराध क्रमांक 341/25 (धारा 318(4) बी एन एस) की विवेचना के दौरान हुई। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और छानबीन के उपरांत देश के विभिन्न राज्यों में हुए अन्य सायबर अपराधों का खुलासा होने की संभावना है।
शिकायतकर्ता अशोक कुमार सोनी ने थाना पवई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल के माध्यम से स्वयं को एसबीआई कार्ड अधिकारी बताकर उनके बैंक खाते से करीब 14 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसन रजा (27 वर्ष) और इरफान अंसारी (25 वर्ष) के रूप में हुई, दोनों झारखंड के पथरौल, जिला देवघर निवासी हैं।
इस कार्यवाही में थाना पवई के निरीक्षक त्रिवेन्द्र त्रिवेदी, उनि कमल विक्रम पाठक, प्र.आर. सुरेन्द्र प्रजापति, आर. राहुल, विकास, राजेश बरखने एवं पुलिस सायबर टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक पन्ना ने टीम को इसके लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित