देहरादून , जनवरी 30 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पद्म भूषण सम्मान के लिए चयनित होने पर महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी को शुक्रवार देर शाम उनके आवास पर पहुंच कर बधाई दी।

श्री धामी ने श्री कोश्यारी से उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान श्री कोश्यारी के सार्वजनिक जीवन में किए गए दीर्घकालिक, समर्पित एवं राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण योगदान का उचित सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कोश्यारी ने उत्तराखंड आंदोलन से लेकर राज्य के गठन, प्रशासनिक नेतृत्व और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन तक प्रत्येक भूमिका में प्रदेश और देश को सुदृढ़ दिशा देने का कार्य किया है। उनका जीवन जनसेवा, सादगी और राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि पद्म भूषण सम्मान से न केवल उत्तराखंड, बल्कि संपूर्ण देश गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने ईश्वर से श्री कोश्यारी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित