पटना , फरवरी 17 -- बिहार पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल की अध्यक्षता में मंगलवार को एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी प्रदान करना, लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूत करना तथा भविष्य की प्रमुख परियोजनाओं पर विचार-विमर्श करना था।

बैठक में सचिव श्री कुमार पाल ने बताया कि पथ निर्माण विभाग राज्य के एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर (आईएमसी), ड्राई पोर्ट, औद्योगिक क्षेत्रों एवं अन्य महत्वपूर्ण आर्थिक केंद्रों को आधुनिक एवं सुगम परिवहन नेटवर्क से जोड़ने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरत के हिसाब से विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जा रहा है।

सचिव श्री पाल ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र, रिमोट एरिया एवं ट्रैफिक को ध्यान में रखकर परियोजना पर काम हो रहा है। रक्सौल-हल्दिया, पटना-पूर्णया सहित पांच परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे विकास की रफ्तार को और गति दी जा सके। इससे लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को और मजबूति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिहार अपनी आर्थिक और ढांचागत व्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों में एक बड़ी छलांग लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

एडीबी के प्रतिनिधियों ने बिहार सरकार की सड़क अवसंरचना विकास की दिशा में की जा रही प्रगति की सराहना की। बैठक में विभाग के वरीय पदाधिकारी एवं अभियंतागण सहित अन्य लोग मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित