पल्लेकेले , फरवरी 16 -- गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद पथुम निसंका ( नाबाद 100) और कुसल मेंडिस (51) की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत श्रीलंका ने सोमवार को टी-20 विश्वकप के 30वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 12 गेंदे शेष रहते आठ विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने सुपर आठ में जगह बना ली है। वहीं इस हार के साथ ही ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है। अब उन्हें आयरलैंड और श्रीलंका पर निर्भर रहना होगा। पथुम निसंका को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।
182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में कुसल परेरा (एक) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद पथुम निसंका और कुसल मेंडिस की जोड़ी ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 93 रन जोड़े। 13वें ओवर में मार्कस स्टॉयनिस ने कुसल मेंडिस को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। कुसल मेंडिसन ने 38 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 51 रनों की पारी खेली। श्रीलंका ने 18 ओवर में दो विकेट पर 184 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम किया। पथुम निसंका ने 52 गेंदों में 10 चौके पांच छक्के उड़ाते हुए नाबाद 100 रनों की पारी खेली। पवन रत्नायके ने 15 गेंदों में नाबाद 28 रन बनाये। ऑस्ट्रेलिया के लिये मार्कस स्टॉयनिस ने दो विकेट लिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित