हरिद्वार, जनवरी 30 -- उत्तराखंड में ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक और सफलता हासिल की है। शुक्रवार को थाना पथरी पुलिस ने 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक शराब तस्कर को धर दबोचा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पथरी पुलिस को भट्टीपुर तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर थाना पथरी में उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय, निवासी ग्राम भुवापुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित