संत कबीरनगर , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मगहर चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर रसूलाबाद स्थित हनुमान मंदिर के पास सोमवार को हुई सड़क दुर्घटना में शामिल डीसीएम में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन वाहन में लदा लीची पेय का सामान जलकर नष्ट हो गया।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को इसी स्थान पर डीसीएम और एक कार की टक्कर में कुशीनगर जिले के दो पत्रकारों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि डीसीएम सोमवार तड़के इंडियन आयल कारपोरेशन के पेट्रोल पंप के पास गलत लेन में आकर वैगनआर कार से टकरा गई थी। दुर्घटना के बाद डीसीएम में लीची पेय की बोतलें लदी हुई थीं और वाहन घटनास्थल पर ही खड़ा था।

मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वाहन मालिक रमाकांत यादव ने मगहर पुलिस को फोन कर डीसीएम में आग लगने की सूचना दी। बताया गया कि पास में पड़े कूड़े के ढेर से आग फैलकर वाहन तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव ने तत्काल दमकल विभाग को बुलाया।

दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक डीसीएम पर लदा पूरा सामान जलकर नष्ट हो चुका था और वाहन भी काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित