शाहजहांपुर , फरवरी 1 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना अल्लाहगंज क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर की सिर कुचलकर हत्या किए जाने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने रविवार को बताया कि रावतपुर गांव में शनिवार सुबह पंचायत घर के पास कमलेश कुमार का शव बरामद हुआ था। जांच में सामने आया कि गांव निवासी अनीस की पत्नी और मृतक कमलेश के बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच व्हाट्सएप और फोन पर बातचीत होती थी। इसकी जानकारी होने पर अनीस ने शुक्रवार रात कमलेश को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। मृतक की बहन ने उसे आरोपी के साथ जाते हुए देखा था, जिसके आधार पर पुलिस ने अनीस को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी ने पहले व्हाट्सएप संदेश के जरिए मृतक से संपर्क किया था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी अनीस को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित