सागर , फरवरी 10 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र में छह माह से लापता युवक प्रिंस वाल्मीकि की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। अवैध संबंध इस जघन्य हत्याकांड का कारण बने।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक प्रिंस वाल्मीकि पिता राजेश वाल्मीकि, उम्र 22 वर्ष, निवासी लक्ष्मी नगर बहेरिया सागर, 20 अगस्त 2025 से देवरी क्षेत्र से लापता था। घटना के बाद से ही देवरी पुलिस अज्ञात आरोपी या आरोपियों की तलाश में गंभीरता से विवेचना कर रही थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सामाजिक जानकारी, पारिवारिक पृष्ठभूमि, मोबाइल लोकेशन, पूछताछ और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी गईं।

विवेचना में सामने आया कि मृतक की पत्नी के देवरी निवासी सोहेल खान के साथ अवैध संबंध थे। इसी कारण पति-पत्नी के बीच विवाद बना रहता था। पुलिस जांच में यह भी उजागर हुआ कि आरोपी प्रेमी ने साजिश के तहत मृतक को दिनभर शराब पिलाई और बाद में सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को देवरी क्षेत्र स्थित एक स्कूल ग्राउंड में दफना दिया गया। शव की पहचान छुपाने के लिए उस पर नमक डालकर मिट्टी से ढक दिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित