अलवर , अप्रैल 09 -- राजस्थान में अलवर शहर के एन ई बी थाना अंतर्गत एक बैंक अधिकारी की पत्नी ने टैक्सी चालक प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रचने का मामला प्रकाश में आया है।

वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने बुधवार को प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों को आज अदालत में पेश किया जहां से पत्नी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया वहीं प्रेमी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

अलवर शहर पुलिस उपायुक्त अंगद शर्मा ने बताया कि करनल खत्री ने सात मार्च को एक रिपोर्ट दी उसकी पत्नी और उसका प्रेमी उसकी हत्या करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में साक्ष्य जुटाकर पत्नी और प्रेमिका को गिरफ्तार किया। बैंक अधिकारी की शादी वर्ष 2018 में गोबिंदगढ़ निवासी अर्चना अरोड़ा के साथ हुई थी जिसके दो बच्चे भी हैं।

उन्होंने बताया कि उसकी शादी गोबिंदगढ़ निवासी अर्चना अरोड़ा से हुई । उसकी जयपुर में पोस्टिंग थी तभी वह अपने पति से मिलने के लिए बला बला एप के जरिए टैक्सी बुक करती। टैक्सी चालक बांदीकुई निवासी रिषभ शर्मा टैक्सी लेकर जाता। इसी दौरान दोनों ने अपने मोबाइल नंबर एक्सचेंज कर लिए और बात की जाने लगी। धीरे-धीरे बातचीत प्रेम संबंध में बदल गईं। आरोप है कि दोनों ने साथ रहने के लिए रास्ते का सबसे बड़ा रोड़ा-पति-को ही खत्म करने की साजिश रच डाली। पत्नी द्वारा अपने प्रेमी से की गई बात की दो कॉल रिकॉर्डिंग भी सामने आई है जिससे इस बात का खुलासा हुआ है। इस बात का खुलासा होने के बाद पत्नी ने मामला सुलझाने के लिए अपने पति से 50 लाख रुपए की डिमांड की।

पुलिस ने बताया कि एक बार बैंक अधिकारी को टैक्सी ड्राइवर जयपुर लेकर गया जिस रास्ते में मारने का भी प्रयास किया गया।

पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए बैंक मैनेजर की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया जहां अदालत में पेश किया गया पत्नी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया वहीं प्रेमी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

इधर पति ने मुकदमा इस बात का भी दर्ज कराया हुआ है की पत्नी अपने बेटे को साथ लेकर घर छोड़कर चली गई जो अपने साथ काफी नकदी जेवर लेकर गई है।

इस संबंध में श्री अंगद शर्मा ने बताया कि इस मामले की अलग जांच की जा रही है।

पुलिस को पीड़ित पक्ष से अहम सबूत मिले, जिनमें धमकी भरे ऑडियो भी शामिल हैं, जिसने पूरे मामले की परते खोल दीं।

श्री अंगद शर्मा ने बताया कि पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और हर एंगलसे पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित