खरगोन , अप्रैल 05 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पत्नी की हत्या करने के बाद पूरी रात उसके शव के पास अपने दो मासूम बच्चों के साथ बिताई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना पिछोड़िया गांव के पलासला फलिया में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात की है। आरोपी जगदीश डाबर (38) का अपनी दूसरी पत्नी रीमा बाई (25) से विवाद हुआ था। आरोपी को पत्नी के चरित्र पर संदेह था और उसके घर से बाहर जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर लाठी से हमला कर रीमा बाई की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी उसी कमरे में शव के पास खाट पर अपने दो बच्चों के साथ सो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे घर से ही गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी उसे छोड़कर पांच बच्चों के साथ अलग रह रही है। बाद में उसने अपनी साली रीमा बाई से विवाह किया था, जिससे उसके दो बच्चे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित