शिवपुरी , जनवरी 14 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की नरवर थाना पुलिस ने अपनी ही पत्नी और दो मासूम बच्चों का अपहरण करने वाले पति तथा उसके एक साथी को गिरफ्तार कर महिला और दोनों बच्चों को सुरक्षित मुक्त करा लिया है। पुलिस ने इस कार्रवाई को घटना के लगभग 18 घंटे के भीतर अंजाम दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार शाम नरवर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर इलाके से अज्ञात आरोपियों ने एक महिला और उसके दो बच्चों को रास्ते से जबरन एक गाड़ी में खींचकर डाल लिया और उनका अपहरण कर लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। मामले की रिपोर्ट फरियादी नरेंद्र जाटव द्वारा नरवर थाने में दर्ज कराई गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने तत्काल विशेष पुलिस दल गठित कर महिला और बच्चों की तलाश शुरू करवाई। गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी महिला और दोनों बच्चों के साथ पाड़रखेड़ा-जंगीपुरा तालाब के पास बैठे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आसपास के दो थानों की पुलिस तथा पहले से तलाश में लगे दलों को मौके पर रवाना किया गया।

पुलिस ने घेराबंदी कर 32 वर्षीय महिला तथा उसके 5 और 7 वर्ष के दोनों बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया। इस दौरान महिला के पति जगत सिंह जाटव निवासी निजामपुर और उसके साथी शिवकुमार गुर्जर निवासी फतेहाबाद, आगरा को गिरफ्तार किया गया। वहीं जगत सिंह के भाई पदम सिंह जाटव की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला का अपने पति से पूर्व में भी विवाद चल रहा था। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने अपहरण की घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला और उसके दोनों बच्चों को सुरक्षित बचा लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित