ग्वालियर , फरवरी 10 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पुलिस मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां दो अलग-अलग परिवारों के पति और पत्नी एक-दूसरे के जीवनसाथी के साथ फरार हो गए। इस मामले में पीड़ित पति और पत्नी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है, हालांकि पुलिस ने इसे घरेलू प्रकृति का मामला बताते हुए आपसी सहमति से सुलह कराने की बात कही है।

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को दो आवेदन प्राप्त हुए। पहला आवेदन कल्याण सिंह का था, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी किरण, राजू केवट के साथ रह रही है। दूसरा आवेदन भारती सिहोते का था, जिसमें उन्होंने उल्लेख किया कि उनके पति राजू केवट उन्हें छोड़कर किरण नाम की महिला के साथ रह रहे हैं। यह वही किरण है, जो कल्याण सिंह की पत्नी है।

कल्याण सिंह और राजू केवट की पत्नी भारती सिहोते दोनों ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि दोनों ही प्रकरण घरेलू प्रकृति के हैं। पुलिस सभी संबंधित पक्षों को थाने बुलाकर आपसी सहमति से मामले के समाधान का प्रयास करेगी।

कल्याण सिंह ने अपने आवेदन में बताया कि उनकी शादी वर्ष 2015 में किरण से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। कुछ समय से किरण का व्यवहार बदला हुआ था और वह घर-परिवार पर ध्यान नहीं दे रही थी। पूछने पर उसने साफ कह दिया कि वह अब कल्याण के साथ नहीं रहना चाहती और किसी अन्य व्यक्ति से शादी कर रही है। बाद में किरण, राजू केवट के साथ घर का सारा सामान लेकर चली गई। इस दौरान वह उनका नाबालिग बेटा भी अपने साथ ले गई। कल्याण सिंह का आरोप है कि राजू केवट और किरण ने बिना कानूनी तलाक के शादी कर ली है, जो कि गैरकानूनी है। इसलिए इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उधर राजू केवट की पत्नी भारती सिहोते ने बताया कि उनका राजू से प्रेम विवाह हुआ था और उनसे एक संतान भी है। कुछ समय से राजू का व्यवहार बदल गया था और वह किसी से छिपकर बात करने लगा। विरोध करने पर वह मारपीट और गाली-गलौज करने लगा तथा घर छोड़कर चला गया। बाद में फोन करने पर किरण नाम की महिला ने कॉल उठाई और राजू से शादी होने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित