भीलवाड़ा , अप्रैल 28 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के गांधीनगर थाना क्षेत्र में पति को झूठे मामले में फँसाने के लिए खुद का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पीड़ित पति दिलीप का विवाह वर्ष 2022 में हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी उसे अकारण झूठे मुकदमों में फँसाने की धमकियाँ देती थी और दबाव बनाने का प्रयास करती थी। करीब एक महीने पहले दिलीप ने अपनी पत्नी की सोशल मीडिया चैट पकड़ी, जिससे पत्नी के एक युवक के साथ अवैध संबंधों का खुलासा हुआ।
अवैध संबंधों की बात सामने आने पर पत्नी ने पति को फँसाने के लिए खुद का बाथरूम में नहाते हुए का अश्लील वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया आईडी के जरिए वायरल कर दिया। इसके बाद उसने आरोप लगाया कि यह वीडियो उसके पति ने वायरल किया है। हालांकि, पुलिस जांच और तकनीकी साक्ष्यों से यह स्पष्ट हो गया कि वीडियो महिला ने खुद बनाया था और स्वयं ही उसे सार्वजनिक किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित