नयी दिल्ली , दिसम्बर 06 -- पतंजलि समूह ने रूस की सरकार के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है जो स्वास्थ्य तथा आरोग्य के संवर्धन, स्वास्थ्य पर्यटन, कुशल मानव संसाधन के आदान-प्रदान तथा अनुसंधान आदि विषयों पर केंद्रित है।
पतंजलि समूह की ओर से योग गुरू स्वामी रामदेव और रूस की सरकार की तरफ से भारत-रूस व्यापार परिषद के अध्यक्ष एवं रूस के वाणिज्य मंत्री सर्गेई चेरेमिन ने एमओयू पर हस्ताक्षर किये।
स्वामी रामदेव ने कहा कि रूस में योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को लोग पसंद करते हैं तथा इनका अनुसरण भी करते हैं। एमओयू के तहत रूस में पतंजलि की आरोग्य सेवाओं का विस्तार किया जायेगा। उन्होंने कहा, "हम रूस के साथ मिलकर उम्र के प्रभाव को पलटने और लंबी जीवन प्रत्याशा पर गहन अनुसंधान करेंगे जिससे गम्भीर रोगों का मानव शरीर में आने से वर्षों पहले ही पता किया जा सकेगा।"पतंजलि भारत के आध्यात्मिक ज्ञान, संस्कृति, योग, आयुर्वेद तथा अमूल्य धरोहरों से संबंधित ज्ञान को रूस के साथ साझा करेगी। रूस को भारत द्वारा कुशल श्रमिक तथा कुशल योगी उपलब्ध कराना भी इसमें शामिल है।
एमओयू के तहत भारत के उच्च स्तरीय ब्रांड्स को रूस में तथा रूसी ब्रांड्स को भारत में बढ़ावा दिया जायेगा। हम विश्वस्तरीय पतंजलि ब्रांड को रूस लेकर जायेंगे जिससे पतंजलि के गुणवत्तायुक्त उत्पादों का लाभ रूस के नागरिकों को भी मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित