बिलासपुर , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडारी में सोमवार शाम एक परिवार पर पड़ोसियों द्वारा किए गए हमले में चार लोग घायल हो गए।

यह जानकारी आज मीडिया को पुलिस से मिली।

जानकारी के अनुसार, आवासपारा निवासी हंसराज बघेल, परमानंद बघेल, सहेत्रिन बघेल और उषा दिवाकर शाम करीब सात बजे घर में शादी कार्यक्रम के बाद आराम कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले लक्ष्मण बघेल, दिलीप बघेल, अर्जुन बघेल और सुमित्रा बघेल वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। बताया जा रहा है कि जब परिवार के लोग बाहर आए, तो विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि लक्ष्मण, दिलीप और अर्जुन घर के अंदर से हंसिया, टंगिया और लाठी लेकर आए और परिवार पर हमला कर दिया।

इस हमले में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद घायलों को तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सकरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस विवाद का पता लगा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित