लखनऊ/ सुलतानपुर , नवम्बर 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल केवल स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री ही नहीं थे, बल्कि वह उस राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक थे जिन्होंने अराजकता, विघटन और विदेशी शक्तियों की साजिशों के बीच भारत को एक सूत्र में पिरोया।

उन्होंने कहा कि 562 रियासतों के ऐतिहासिक विलय का नेतृत्व करने वाला व्यक्तित्व केवल सरदार पटेल जैसा दूरदर्शी और दृढ़ राष्ट्रनायक ही हो सकता था। आज का अखंड भारत, राष्ट्र की एकता और शक्ति, उनकी अद्वितीय संगठन क्षमता और नेतृत्व का परिणाम है।

श्री धर्मपाल गुरुवार को सुल्तानपुर जिले की कादीपुर विधानसभा में आयोजित यूनिटी मार्च पदयात्रा में शामिल हुए। यह पदयात्रा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे अभियान का हिस्सा थी। कार्यक्रम में सभी ने एक स्वर में भारत की एकता और अखंडता के लिए संकल्प लिया तथा ''मां भारती'' के जयकारों से माहौल को देशभक्ति से भर दिया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल का जीवन अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रहित की सर्वोपरि भावना का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि देश के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। आज का यूनिटी मार्च इसी संगठन शक्ति, सामूहिक संकल्प और राष्ट्रीय एकजुटता का प्रतीक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित