गिर सोमनाथ , जनवरी 29 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सासण गिर में वन कर्मियों के लिए 183 वाहनों को गुरूवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना कियावन संपदा और वन्य जीव सृष्टि के मामले में समृद्ध गुजरात में वन्य प्राणी संरक्षण, संवर्धन, रेस्क्यू और पुनर्वास जैसे विभिन्न कार्यों के लिए फील्ड में कार्यरत वन कर्मियों को निश्चित प्रकार की विशेष सुविधाओं से सुसज्जित वाहन प्रदान किए गए हैं।

श्री पटेल ने आज सासण गिर में ऐसे 183 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वन विभाग ने विभिन्न प्रोजेक्ट के अंतर्गत फॉरेस्ट फील्ड स्टाफ की पेट्रोलिंग, प्रोटेक्शन और रेस्क्यू जैसे कार्यों के लिए 174 फील्ड बाइक, छह बोलेरो कैम्पर और तीन मॉडिफाइड रेस्क्यू वाहन उपलब्ध कराए हैं।

मुख्यमंत्री इन वाहनों को हरी झंडी दिखाने से पहले शेर दर्शन के लिए गए। उन्होंने अपने दिन की शुरुआत गिर के जंगल में शीत ऋतु की ठंडक के साथ प्रकृति के खुशनुमा सान्निध्य में की और शेर दर्शन की रोमांचक अनुभूति की। उनके द्वारा विशेष सुविधाओं से लैस इन वाहनों को संबंधित वन कर्मियों को आवंटित करने के लिए हरी झंडी दिखाने के अवसर पर वन एवं पर्यावरण विभाग के प्रधान सचिव डॉ. विनोद राव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. जयपाल सिंह और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित