अहमदाबाद , अक्टूबर 27 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सोमवार को अहमदाबाद में छठ महापर्व पूजा उत्सव में शामिल हुए।
श्री पटेल ने सभी लोगों को दीपोत्सव की शुभकामनायें और छठ पूजा के आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भव्य-दिव्य राम मंदिर के निर्माण के बाद दिवाली का आनंद और रौनक कई गुना बढ़ गयी है। उन्होंने 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का मंत्र दिया है, जो हमारे त्योहारों को भी साकार करता है। राज्य में दीपावली के त्योहार पूरे होने के बाद लोग लाभ पंचमी से अपना कामकाज शुरू करते हैं, जबकि बिहार, झारखंड और पूर्वांचल में सूर्य उपासना के छठ महापर्व की शुरुआत होती है।
उन्होंने कहा कि बिहार में छठ महापर्व के साथ-साथ लोकतंत्र के महापर्व के उत्सव का उत्साह है। छठ पूजा को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल करने के लिए श्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में लोग उदयाचल सूर्य की पूजा करते हैं, लेकिन छठ पूजा एकमात्र ऐसा महापर्व है, जिसमें अस्ताचलगामी सूर्य की पूजा की जाती है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गुजरात और बिहार का नाता आदिकाल से विशेष रहा है। बिहार बुद्ध की भूमि है, तो गुजरात में बौद्ध विरासत का संरक्षण हुआ है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का जन्म स्थल वडनगर भी कभी बौद्ध शिक्षा का एक बड़ा केंद्र था। उनके मार्गदर्शन में वडनगर में बौद्ध म्यूजियम का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गुजरात के सपूत महात्मा गांधी जी ने स्वतंत्रता का पहला आंदोलन बिहार के चंपारण से शुरू किया था और गुजरात के दांडी से नमक सत्याग्रह के जरिए ब्रिटिश सल्तनत के खिलाफ अहिंसक आंदोलन की शुरुआत की थी। बिहारी सहित अनेक लोगों ने गुजरात को अपनी कर्मभूमि बनाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए दिये गये संकल्प को पूरा करने के लिए सभी देशवासियों से एकजुट होकर आगे बढ़ने का अनुरोध किया और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए हम सभी स्वदेशी अपनाकर और स्वदेशी वस्तुएं खरीदकर प्रोत्साहन दें। इस छठ पूजा का आयोजन छठ महापर्व समन्वय ट्रस्ट, हिंदी भाषी महासंघ और मां जानकी सेवा समिति के तत्वावधान में किया गया था। अहमदाबाद में बसे बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के परिवार इस छठ पूजा उत्सव में हर्षोल्लास के साथ शामिल हुए।
छठ महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. महादेव झा ने स्वागत भाषण में सभी का स्वागत करते हुए छठ पूजा उत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से छठ महापर्व अब बिहार तक ही सीमित नहीं रह गया है, बल्कि आज यह महापर्व पूरे देश का महापर्व बन गया है। इस अवसर पर बिहार सहित अन्य राज्यों के परिवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित