मुरैना , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले की बानमौर तहसील के उरहाना हल्का में पटवारी द्वारा नामांतरण के नाम पर पूर्व सरपंच से रुपए लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। अधिकारियों के अनुसार वीडियो संज्ञान में आने के बाद इसकी सत्यता की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक पूर्व सरपंच सिलावत खान से पटवारी रणबीर नरवरिया ने जमीन के नामांतरण के एवज में रिश्वत की मांग की थी। वायरल वीडियो में पूर्व सरपंच को पटवारी को रुपए देते हुए देखा जा रहा है।

ग्रामीणों ने जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पटवारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि वह बिना रिश्वत लिए किसानों के काम नहीं करता। उन्होंने साक्ष्य के रूप में संबंधित वीडियो भी अधिकारियों को सौंपा।

इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी भूपेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि स्पष्टीकरण प्राप्त होने और वीडियो की जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित पटवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित