पटना , मार्च 27 -- बिहार में पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में पत्थरबाजी एवं फायरिंग की घटना में शामिल पांच महिला सहित 21 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गुरूवार को मनेर थानांतर्गत छितनावां गांव स्थित छोटी पुल के पास दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी एवं फायरिंग किए जाने की सूचना प्राप्त हुई।
इस सूचना के आधार पर एक टीम का गठन किया गया।गठित टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान पाया गया कि करीब 50-60 लोगों की भीड़ एकत्रित है तथा दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद को लेकर पत्थरबाजी एवं फायरिंग की जा रही है।पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर कुल 25 लोगों को पकड़ा गया, जिनमें 16 पुरुष, 05 महिलाएं एवं 04 विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं। वहीं कुछ लोग मौके से भागने में सफल रहे।
श्री सिंह ने बताया कि पकड़े गए लोगों के पास से दो देशी कट्टा एवं एक कारतूस बरामद किया गया है, साथ ही घटनास्थल से सात खोखा भी बरामद किया गया है।प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दोनों पक्षों के बालकों के बीच स्कूल में हुए आपसी विवाद को लेकर यह घटना उत्पन्न हुई।घटना में तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मनेर में कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित