पटना , अप्रैल 16 -- बिहार में पटना जिले के पंडारक थाना क्षेत्र में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में हुयी चोरी के मामले में पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी 01 बाढ़, रामकृष्णा ने गुरूवार को बताया कि आठ अप्रैल को पंडारक थानांतर्गत स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई। चोरों ने दुकान से कीमती इलेक्ट्रॉनिक मशीनें एवं अन्य समानों की चोरी कर ली थी ।मामले की गंभीरता को देखते हुए इस कांड के उद्भेदन के लिये एक टीम का गठन किया गया ।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान तथा मानवीय स्रोतों के आधार पर घटना में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी की गई कीमती इलेक्ट्रॉनिक मशीन एवं चार मोबाइल बरामद किया गया है साथ ही घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो को भी जब्त किया गया है।गिरफ्तार अपराधियों की पहचान धनंजय कुमार, अमन कुमार उर्फ बिट्टू, सुदामा पासवान और मुकेश कुमार के रूप में की गयी है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित