पटना , मार्च 13 -- बिहार में पटना जिले के आलमगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की हुई हत्या के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने शुक्रवार को बताया कि सात मार्च को आलमगंज थानांतर्गत गांधी सेतु पुल बैरियर के नीचे एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी थी। मृतक की पहचान आलमगंज थाना क्षेत्र निवासी जीतू कुमार (25) के रूप में की गयी।
नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन कर त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया गया।तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त अभियुक्त सन्नी कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू, मृतक का मोबाइल फोन, घटना के समय अभियुक्त द्वारा पहने गए कपड़े को बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित