पटना , फरवरी 22 -- भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा-माले के राज्य सचिव कुणाल ने पटना विश्वविद्यालय के साइंस कॉलेज, अंग्रेज़ी विभाग के शिक्षक प्रो. शोभन चक्रवर्ती पर हमले की कड़ी निंदा की है और कहा कि दोषियों पर सरकार अविलंब कार्रवाई करे ।

श्री कुणाल ने कहा कि इस तरह की दुर्घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना शैक्षणिक माहौल पर गंभीर हमला है।

भाकपा-माले नेता ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर विचार-विमर्श, असहमति और लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति के स्थल होते हैं और वहां किसी भी प्रकार की हिंसा, अभद्र भाषा या धमकी की राजनीति न केवल शिक्षक की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि पूरे शैक्षणिक वातावरण को दूषित करती है।

श्री कुणाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल सख्त प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाए तथा इसकी निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। शिक्षकों की सुरक्षा के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित