पटना , जनवरी 15 -- मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राजधानी पटना में 15 से 19 जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा और इस दौरान सुबह के समय कोहरा या धुंध छाये रहने की संभावना है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा।
अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, वहीं न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। ठंढी सुबह और धूप भरे दिन के बीच तापमान में हल्का उतार- चढ़ाव देखने को मिलेगा। सुबह और रात के समय ठंढ का असर अधिक महसूस होगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पटना शहर के किसी भी हिस्से में वर्षा दर्ज नहीं की गई। पटना शहर के इलाकों में अधिकतम तापमान लगभग 22.7 और न्यूनतम 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हल्की ठंढ के साथ आंशिक रूप से बादल छाये रहने की स्थिति बनी रही।
राज्य के अन्य जिलों की बात करें तो 14 जनवरी को सबौर (भागलपुर), डेहरी (रोहतास) और औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। बिहार में न्यूनतम तापमान 7.0 से 12.0 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। कई इलाकों में कोहरे का असर भी देखने को मिला है।
पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर में न्यूनतम दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई, जिससे यातायात पर असर पड़ा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सात दिनों तक बिहार का मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाये रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
तापमान के रुझान को देखें तो अगले दो से तीन दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है। हालांकि, तीन दिन बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट के आसार जताये गये हैं। मौसम विभाग ने ठंढी सुबह और कोहरे को देखते हुये लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित