पटना , मार्च 12 -- पटना सदर अनुमंडल में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती दिखाने का दावा किया है, लेकिन इस सख्ती की असल तस्वीर तब सामने आई जब एक उपभोक्ता के घर सिलेंडर पहुंचे बिना ही मोबाइल पर 'डिलिवर हो गया' का संदेश आ गया।
दरअसल, दीघा के एक गैस उपभोक्ता ने इन्द्रपुरी स्थित मेसर्स उत्सव गैस सेवा में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी। उपभोक्ता इंतजार करते रहे, लेकिन सिलेंडर नहीं आया। दूसरी तरफ मोबाइल पर मैसेज आ गया कि सिलेंडर सफलतापूर्वक डिलिवर कर दिया गया है।
शिकायत के बाद स्थानीय पाटलिपुत्र थाना में एजेंसी के डिलिवरी ब्वाय मुकेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
प्रशासन की तरफ से यह भी कहा गया है कि एलपीजी उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जायेगी। जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने बयान जारी कर बताया है कि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सजग और तत्पर है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। ब्लैकमार्केटिंग, होर्डिंग या अधिक दाम पर बिक्री की शिकायत आने पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी का भी निर्देश दिया गया है।
हालांकि, सवाल यह भी उठता है कि अगर व्यवस्था इतनी ही सजग है तो फिर 'डिलिवरी का मैसेज' पहले और 'सिलेंडर' बाद में क्यों गायब हो जाता है?गैस किल्लत के बीच उपभोक्ताओं के बीच चर्चा है कि गैस बुकिंग का यह नया गणित बड़ा दिलचस्प है, सिलेंडर रास्ते में हो या न हो, मैसेज समय पर पहुंच ही जाता है।
फिलहाल प्रशासन की सख्ती कागजों और बयानों में जरूर दिखाई दे रही है, लेकिन उपभोक्ताओं को अभी भी इस उम्मीद में दरवाजे की तरफ देखना पड़ रहा है कि शायद अगली बार मैसेज के साथ सिलेंडर भी आ जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित