रायपुर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को पटना प्रवास के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यालय पहुंचकर युवा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और युवा कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा की।

श्री शर्मा ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश के विकास की महत्वपूर्ण धुरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार और ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।

मुलाकात के दौरान एबीवीपी बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ला, दक्षिण बिहार प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री दिनेश यादव और प्रांत सह मंत्री प्रिया रंजन सिंह सहित कई युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शिक्षा, संगठन विस्तार और युवाओं की भूमिका जैसे मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री शर्मा ने युवाओं से संवाद करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों और सामाजिक विषयों पर भी चर्चा की तथा युवाओं को सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित